-मुजफ्फरपुर में भव्य तिरंगा यात्रा, मंत्री, डीएम और SSP समेत उमड़ा जनसैलाब
मुजफ्फरपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से बुधवार सुबह शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता, जिलाधिकारी कुमार गौरव, वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा समेत बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।
हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर नजर आया।

इस दौरान लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई। जिला प्रशासन की इस पहल में आम लोगों की भी उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
तिरंगा यात्रा के दौरान शहर में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह का माहौल बना रहा।












