Advertisement

मुजफ्फरपुर में प्रतिबंधित मांस के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 21 मवेशियों का रेस्क्यू

-मुजफ्फरपुर में प्रतिबंधित मांस के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 21 मवेशियों का रेस्क्यू

मुजफ्फरपुर। शहर के महेशबाबू चौक स्थित मस्जिद गली और कुरैशी गली में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब भारी संख्या में पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिबंधित मांस के खिलाफ बड़ी छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम पूर्वी तुषार कुमार और नगर डीएसपी-2 विनीता सिन्हा ने किया।

जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन और पुलिस को लिखित शिकायत मिली थी कि कुरैशी गली, मस्जिद गली समेत आसपास के इलाकों में प्रतिबंधित मांस काटकर बेचा जा रहा है। शिकायत के आधार पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी शुरू की।

छापेमारी के दौरान अलग-अलग दुकानों से मांस के सैंपल लिए गए। वहीं मौके से 21 मवेशियों को रेस्क्यू कर मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए। करीब एक घंटे तक चले अभियान में भारी संख्या में पुलिस बल और आरएपी जवान तैनात रहे।

नगर डीएसपी विनीता सिन्हा ने बताया कि लिखित सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले भी कई दुकानों को सील किया गया था, लेकिन इस बार जांच के दौरान कई दुकानों की सील टूटी मिली है, जिस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में प्रतिबंधित मांस की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं एसडीएम पूर्वी तुषार कुमार ने बताया कि मांस के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद त्वरित कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके के मांस कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।