-मुजफ्फरपुर में छात्रा से कथित छेड़खानी का आरोप, परिजनों के हंगामे से दादर रोड पर बढ़ा तनाव
मुजफ्फरपुर। जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के दादर रोड इलाके में पैदल घर लौट रही एक छात्रा से दो युवकों द्वारा कथित रूप से छेड़खानी करने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, छात्रा अपने गंतव्य से पैदल दादर रोड होकर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने उसके साथ कथित रूप से बदसलूकी और छेड़खानी का प्रयास किया। छात्रा किसी तरह वहां से निकलकर सुरक्षित अपने घर पहुंची और पूरी घटना की जानकारी परिजनों को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही छात्रा के परिजन आक्रोशित हो गए। वे आरोपित युवकों के घर पहुंच गए, जहां दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे।
हंगामे की सूचना पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय प्रबुद्ध लोगों और ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझाया और किसी तरह विवाद को शांत कराया। इससे बड़ी घटना होने से टल गई।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस को सूचना मिलने के बाद मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। यदि पीड़िता या उसके परिजनों की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है तो नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













