-मुजफ्फरपुर: पीएचसी परिसर में तीन दिनों से बेसुध पड़े व्यक्ति को लेकर उठे सवाल, स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर आरोप
मुजफ्फरपुर। मुशहरी थाना क्षेत्र स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) परिसर में एक अज्ञात व्यक्ति के पिछले तीन दिनों से बेसुध अवस्था में पड़े होने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है और स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अचेत व्यक्ति के शरीर में अभी भी जीवन के संकेत हैं, लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि डायल 112 की पुलिस टीम ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज के लिए उसे पीएचसी मुशहरी में भर्ती कराया था।

आरोप है कि पीएचसी से उसे रेफर किए जाने के बाद अस्पताल के कुछ कर्मियों ने उसे अस्पताल परिसर के पार्क में ही छोड़ दिया, जहां वह बेसुध अवस्था में पड़ा हुआ है। लोगों का कहना है कि यदि अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाए तो पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि यदि मरीज की हालत गंभीर थी तो उसे समय पर बेहतर अस्पताल क्यों नहीं भेजा गया? वहीं यह भी पूछा जा रहा है कि क्या किसी अचेत व्यक्ति को इस तरह अस्पताल परिसर में छोड़ देना स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी के अनुरूप है?
लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सीसीटीवी फुटेज की जांच करने और यदि किसी स्तर पर लापरवाही हुई है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, इस मामले में स्वास्थ्य विभाग या मुशहरी प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












