-मुजफ्फरपुर की मुस्कान और चांदनी का बिहार जूनियर नेशनल महिला फुटबॉल टीम में चयन
मुजफ्फरपुर। खेल जगत में मुजफ्फरपुर की बेटियों ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। मुजफ्फरपुर जिला महिला फुटबॉल की दो उदीयमान और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों मुस्कान कुमारी और चांदनी कुमारी का चयन बिहार जूनियर नेशनल महिला फुटबॉल टीम में किया गया है। दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी।
मुस्कान कुमारी और चांदनी कुमारी के चयन की खबर मिलते ही जिले के खेल जगत और फुटबॉल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। खिलाड़ियों के परिजनों, प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों ने दोनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

दोनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन और मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनके चयन को मुजफ्फरपुर में महिला फुटबॉल के बढ़ते प्रभाव और प्रतिभाओं के लिए बेहतर संभावनाओं के रूप में देखा जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर बिहार की टीम में प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलने से दोनों खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को भी नई उड़ान मिली है।
खेलप्रेमियों का कहना है कि मुजफ्फरपुर की बेटियां लगातार विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। मुस्कान और चांदनी का बिहार जूनियर नेशनल महिला फुटबॉल टीम में चयन जिले की अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।












