-मीनापुर स्टेडियम की बदहाली पर छात्र राजद नेता ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत
मुजफ्फरपुर/मीनापुर। रामकृष्ण उच्च विद्यालय, मीनापुर के समीप स्थित स्टेडियम की बदहाल स्थिति को लेकर छात्र राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता अमरेन्द्र कुमार ने मुख्यमंत्री सहयोग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए स्टेडियम के जीर्णोद्धार और नियमित रख-रखाव की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि स्टेडियम परिसर में घास-फूस, झाड़-झंखाड़ और जंगल उग आए हैं। वहीं दर्शक दीर्घा एवं बैठने की व्यवस्था भी जर्जर हो चुकी है। इसके कारण स्थानीय खिलाड़ी, युवा और खेल प्रतिभाएं नियमित अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं। लंबे समय से रखरखाव के अभाव में खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और क्षेत्र के खिलाड़ियों का मनोबल भी गिर रहा है।
अमरेन्द्र कुमार ने मुख्यमंत्री सहयोग पोर्टल पर दर्ज परिवाद में संबंधित विभाग से स्टेडियम का स्थल निरीक्षण कराने तथा मानकों के अनुरूप सफाई, रख-रखाव, सौंदर्यीकरण और सुदृढ़ीकरण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि स्टेडियम को विकसित कर खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर खेल मैदानों की बदहाली चिंताजनक है। यदि समय रहते स्टेडियम का विकास और रख-रखाव नहीं कराया गया तो क्षेत्र की उभरती खेल प्रतिभाओं को नुकसान उठाना पड़ेगा।
अमरेन्द्र कुमार ने कहा कि जब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री थे, तब युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर स्टेडियम निर्माण की पहल की गई थी। साथ ही “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” जैसी योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया था। उन्होंने सरकार से खेल अवसंरचना को मजबूत करने और मीनापुर स्टेडियम के शीघ्र जीर्णोद्धार की मांग की है।












