-मानस मंदिर पूसा में गुप्त नवरात्रि पर कन्या भोज का आयोजन
पूसा।सम्वाददाता।
नवरात्रि को शक्ति की पूजा का पर्व माना जाता है। 22 जनवरी से शुरू हुई माघ महीने की गुप्त नवरात्रि का आज समापन हो गया। नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा की जाती है। इसके साथ ही नवरात्रि अष्टमी या फिर नवमी के दिन कन्याओं की पूजा करने का विधान है। इस दिन छोटी कन्याओं को आमंत्रित किया जाता है और विधिवत तरीके से भोजन कराकर उपहार दिया है।

इस अवसर पर मानस मंदिर,पूसा में भी साल में होने वाले चार नवरात्रि को मानस मंदिर के पुजारी गौतम कुमार की देखरेख में भव्य तरीके से किया जाता है। बता दें कि मां दुर्गा को शक्ति का रूप माना जाता है। नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा के भक्त व्रत रखते हैं और पूजा-अर्चना करते हैं। नवरात्रि का पर्व साल में 4 बार आता है, जिनमें शामिल हैं- चैत्र नवरात्रि, शरद नवरात्रि, आषाढ़ गुप्त नवरात्रि और माघ गुप्त नवरात्रि। हालांकि इन सभी नवरात्रि में से चैत्र और शरद नवरात्रि के बारे में सभी लोगों को जानकारी होती है। माघ और आषाढ़ माह में होने वाली गुप्त नवरात्रि के बारे में बहुत कम लोगों को ही जानकारी होती है। गुप्त नवरात्रि में भी मां दुर्गा की ही पूजा की जाती है लेकिन इसे गुप्त तरीके से किया जाता है।















