Advertisement

मनिकपुर-साहेबगंज फोरलेन निर्माण को गति देने में जुटा प्रशासन, डीएम ने किया एलाइनमेंट का निरीक्षण

-मनिकपुर-साहेबगंज फोरलेन निर्माण को गति देने में जुटा प्रशासन, डीएम ने किया एलाइनमेंट का निरीक्षण

मुजफ्फरपुर। एनएच-139डब्ल्यू के तहत मनिकपुर-साहेबगंज फोरलेन सड़क निर्माण कार्य को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी कुमार गौरव ने परियोजना के संपूर्ण एलाइनमेंट का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की जमीनी प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य भू-अधिग्रहण और मुआवजा वितरण से जुड़ी बाधाओं को दूर कर सड़क निर्माण में तेजी लाना था।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने एनएचएआई छपरा के परियोजना निदेशक, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों और संबंधित अंचलाधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से भू-अधिग्रहण, मुआवजा भुगतान और निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।


परियोजना के लिए जिले के 36 मौजों में कुल 183.96 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया है। इसके लिए कुल 413.02 करोड़ रुपये की प्राक्कलित राशि निर्धारित की गई है। भू-अर्जन विभाग की ओर से अब तक रैयतों के बीच 332.03 करोड़ रुपये के मुआवजे का वितरण किया जा चुका है।
समीक्षा के दौरान भूमि विवाद और न्यायालय में लंबित मामलों के कारण मुआवजा भुगतान में हो रही देरी पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों में सुनवाई और आपसी वार्ता के बाद भी सहमति नहीं बन रही है, उन विवादित मामलों को एनएच अधिनियम 1956 की धारा 3एच(4) के तहत तत्काल व्यवहार न्यायालय भेजा जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कानूनी औपचारिकताओं को तेजी से पूरा करते हुए संबंधित राशि न्यायालय में जमा कराई जाए, ताकि भूमि अधिग्रहण से जुड़ी अड़चनें दूर हों और फोरलेन निर्माण कार्य निर्बाध रूप से आगे बढ़ सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।