-भाकपा-माले नेता किशोर कुमार राय का निधन, नेताओं व कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
पूसा/समस्तीपुर, 25 मई 2026: पूसा प्रखंड में भाकपा-माले संगठन को मजबूत आधार देने वाले वरिष्ठ नेता एवं पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता कॉमरेड किशोर कुमार राय का बीती रात लगभग 8 बजे निधन हो गया। वे पिछले कुछ वर्षों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर से पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
कॉमरेड किशोर कुमार राय भाकपा-माले के प्रखंड कमिटी सदस्य और जिला कमिटी सदस्य के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। उन्होंने पूसा प्रखंड सहित डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय क्षेत्र में किसानों, खेत मजदूरों, मेहनतकश जनता, गरीबों और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पार्टी नेताओं ने कहा कि किशोर कुमार राय जीवनभर जनसरोकारों, संघर्षशील राजनीति और पार्टी निर्माण के लिए समर्पित रहे। उनका सादा जीवन, जुझारू व्यक्तित्व और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। पार्टी ने उनके निधन को जनआंदोलन और संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

सोमवार को उनके पैतृक गांव नारायणपुर, दक्षिणी हरपुर पंचायत में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान भाकपा-माले जिला सचिव प्रो. उमेश कुमार ने कहा कि किशोर कुमार राय पार्टी निर्माण और विस्तार के सतत योद्धा थे तथा उनके संघर्ष और विचारों को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
अंतिम यात्रा में राज्य कमिटी सदस्य ललन कुमार, पूसा प्रखंड सचिव अमित कुमार, कल्याणपुर प्रखंड सचिव दिनेश कुमार सिंह, ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, जिला कमिटी सदस्य उपेंद्र राय, आरवाईए जिला सचिव रौशन यादव सहित पार्टी के कई नेता, कार्यकर्ता, सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत नेता को अंतिम लाल सलाम देते हुए श्रद्धांजलि दी।












