Advertisement

बेनीबाद नाव हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि

-बेनीबाद नाव हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि

दीपक कुमार/गायघाट/मुजफ्फरपुर। बेनीबाद केवटसा चौक स्थित शहीद पिंटू सहनी चौक पर 14 सितंबर को हुए भटगांवा-मधुरपट्टी घाट नाव हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। साथ ही शहीद पिंटू सहनी के साहस और मानवता के प्रति उनके समर्पण को याद किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नंदकिशोर ठाकुर ने की, जबकि मंच संचालन सत्यनारायण कुमार ने किया। समाजसेवी डॉ. ब्रह्मानंद सहनी ने शहीद पिंटू सहनी की मां दुखनी देवी एवं मौसी तेतरी देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं डॉ. शेखर ने महिलाओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. शेखर ने कहा कि शहीद पिंटू सहनी इलाके के लिए गौरव हैं। उनकी शहादत मानवता की मिसाल है और आने वाली पीढ़ियां उनके साहस को याद रखेंगी।


श्रद्धांजलि सभा में शहीद पिंटू सहनी के परिवार को न्याय और सम्मान दिलाने को लेकर कई मांगें उठाई गईं। वक्ताओं ने सरकार से पिंटू सहनी को शहीद का दर्जा देने, उनके परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, शहीद पिंटू सहनी चौक पर उनके नाम से शहीद द्वार बनाने तथा परिवार को अविलंब आवास योजना का लाभ देने की मांग की।
सभा को महेश, मदन पासवान, अमरजीत राम, तेतरी देवी, मोहम्मद मशीउल रहमान, रमेश यादव, समाजसेवी दिनेश सहनी आजाद सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि नाव हादसे में जान गंवाने वालों की स्मृति को हमेशा जीवित रखा जाना चाहिए तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।