-बेनीबाद थाना परिसर में घुसा बाढ़ का पानी, जब्त वाहन डूबे, पीपा पुल का संपर्क टूटा
दीपक कुमार/गायघाट
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड स्थित बेनीबाद थाना परिसर में बागमती नदी का बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। लगातार बढ़ रहे नदी के जलस्तर के कारण थाना परिसर जलमग्न हो गया है, जिससे वहां खड़े कई जब्त वाहन पानी में डूब गए हैं। बाढ़ के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन की चिंता भी बढ़ गई है।
नेपाल के तराई क्षेत्रों और मुजफ्फरपुर में लगातार हो रही बारिश का असर अब उत्तर बिहार में साफ दिखाई देने लगा है। बागमती नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण गायघाट प्रखंड के कई पंचायतों के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैलने लगा है। खेतों और ग्रामीण क्षेत्रों में पानी प्रवेश करने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

वहीं कटरा प्रखंड मुख्यालय को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण पीपा पुल के दोनों ओर का अप्रोच पथ भी बाढ़ के पानी में डूब गया है। इसके कारण इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। सड़क संपर्क टूटने से हजारों लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बागमती नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने तथा अनावश्यक रूप से जलमग्न क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की जा रही है।











