-बीजेपी ओबीसी मोर्चा और भगवती नगर वेलफेयर एसोसिएशन ने श्रद्धालुओं को सुध महादेव यात्रा के लिए किया रवाना
जम्मू, 24 मई। धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक उत्साह के माहौल में भाजपा ओबीसी मोर्चा एवं भगवती नगर वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में पवित्र सुध महादेव यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बस रवाना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और भाजपा नेताओं ने भाग लेकर यात्रियों की सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना की।
सुध महादेव धाम के लिए रवाना होने वाली श्रद्धालुओं की बसों को भाजपा ओबीसी मोर्चा जम्मू-कश्मीर के प्रदेश अध्यक्ष ब्रह्म ज्योत सत्ती तथा पूर्व पार्षद एवं भाजपा उधमपुर प्रभारी परमोद कपाही ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान “हर-हर महादेव” के जयघोष और भजन-कीर्तन से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।
बस रवाना कार्यक्रम से पहले ब्रह्म ज्योत सत्ती ने पारंपरिक कन्या पूजन (कंजक पूजन) कर यात्रा की सफलता, शांति और समृद्धि की कामना की। इस धार्मिक आयोजन ने कार्यक्रम को विशेष आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया और क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं की झलक भी दिखाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्म ज्योत सत्ती ने कहा कि सुध महादेव यात्रा जम्मू-कश्मीर की महत्वपूर्ण धार्मिक यात्राओं में शामिल है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने भगवती नगर वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए किए गए व्यवस्थाओं और सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सामाजिक समरसता, भाईचारे और सामूहिक आस्था को मजबूत करने का कार्य करते हैं। साथ ही ये यात्राएं सांस्कृतिक मूल्यों और परंपराओं को सहेजने में भी अहम भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में अरुण सेठी, रमन शर्मा, अरुण मेहरा, राकेश पांडे, अमित शर्मा, अजय कश्यप, सतीश नरगोत्रा, कुलदीप कपूर, अनीता शर्मा सहित भाजपा ओबीसी मोर्चा और भगवती नगर वेलफेयर एसोसिएशन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन श्रद्धालुओं की कुशल यात्रा और सुध महादेव यात्रा के सफल समापन की प्रार्थना के साथ हुआ।












