-बीआरएबीयू ने रिजल्ट सुधार के लिए दिया अंतिम मौका, 15 जुलाई तक करें आवेदन
मुजफ्फरपुर। बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) ने स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को लंबित परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए अंतिम अवसर प्रदान किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रिजल्ट से संबंधित सभी लंबित मामलों के लिए छात्र-छात्राओं को 15 जुलाई 2026 तक आवेदन जमा करना अनिवार्य होगा। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन या दावे पर विचार नहीं किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के अनुसार अंक संशोधन, विषय परिवर्तन, नाम में त्रुटि, टीआर रजिस्टर में अंक दर्ज नहीं होने तथा अन्य तकनीकी कारणों से लंबित पड़े परिणामों का निपटारा इस विशेष प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। वर्षों से लंबित मामलों को समाप्त करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
जारी निर्देश के अनुसार विद्यार्थियों को अपना आवेदन संबंधित महाविद्यालय के प्राचार्य अथवा विभागाध्यक्ष से अग्रसारित कराकर कॉलेज या विश्वविद्यालय विभाग में जमा करना होगा। आवेदन जमा करने के बाद उसकी प्राप्ति रसीद लेना भी अनिवार्य किया गया है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

यह व्यवस्था त्रिवर्षीय स्नातक (टीडीसी), चार वर्षीय स्नातक डिग्री कार्यक्रम (एफवाईयूजी) तथा स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों के विभिन्न सत्रों के विद्यार्थियों के लिए लागू होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी कॉलेजों के प्राचार्यों और विभागाध्यक्षों को प्राप्त आवेदनों की विधिवत जांच कर उन्हें निर्धारित काउंटर पर जमा कराने का निर्देश दिया है।
यदि किसी विद्यार्थी को किसी विषय में अनुपस्थित दर्शाया गया है, तो उसे परीक्षा केंद्र के प्राचार्य द्वारा सत्यापित उपस्थिति प्रमाणपत्र, संबंधित मेमो की प्रति तथा कॉलेज प्राचार्य के प्रति-हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज आवेदन के साथ संलग्न करने होंगे।
इन सत्रों के विद्यार्थी कर सकेंगे आवेदन
टीडीसी (स्नातक): 2016-19 से 2022-25 सत्र तक
एफवाईयूजी: 2023-27 (सेमेस्टर 1, 2 एवं 3), 2024-28 (सेमेस्टर 1), 2025-29 (सेमेस्टर 1)
पीजी: 2018-20 से 2023-25 सत्र तक
आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज
रजिस्ट्रेशन स्लिप की प्रति
संबंधित पार्ट/सेमेस्टर के प्रवेश पत्र की सत्यापित छायाप्रति
संबंधित पार्ट/सेमेस्टर के अंकपत्र की सत्यापित प्रति
अनुपस्थित दर्शाए जाने की स्थिति में सत्यापित उपस्थिति प्रमाणपत्र एवं मेमो की प्रति
विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से अपील की है कि जिनके परिणाम लंबित हैं या उनमें किसी प्रकार की त्रुटि है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा कर अपनी समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।













