Advertisement

बिहार : 846 डिप्लोमा फार्मासिस्टों की पदस्थापना सूची जारी, अस्पतालों में दवा प्रबंधन होगा मजबूत

-बिहार : 846 डिप्लोमा फार्मासिस्टों की पदस्थापना सूची जारी, अस्पतालों में दवा प्रबंधन होगा मजबूत

पटना। बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने 846 डिप्लोमा फार्मासिस्टों की पदस्थापना सूची जारी कर दी है। इस निर्णय का डिप्लोमा फार्मासिस्ट ऑर्गेनाइजेशन ने स्वागत करते हुए इसे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। संगठन का कहना है कि वर्षों से सरकारी अस्पतालों में फार्मासिस्टों की कमी के कारण दवा वितरण और औषधि प्रबंधन प्रभावित हो रहा था, जिसे अब काफी हद तक दूर किया जा सकेगा।
संगठन के अध्यक्ष अरुण कुमार और महामंत्री शिवेंद्र कुमार ने कहा कि वर्ष 2006 के बाद नियमित रूप से फार्मासिस्टों की नियुक्ति होने से मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) समेत विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में फार्मासिस्टों की कमी दूर होगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित एवं पंजीकृत फार्मासिस्टों की उपलब्धता से दवाओं का वैज्ञानिक भंडारण, सुरक्षित वितरण और प्रभावी औषधि प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सकेगा।


संगठन के अनुसार फार्मासिस्टों की कमी के कारण कई स्वास्थ्य संस्थानों में दवा वितरण और दवा प्रबंधन का कार्य एएनएम, स्टाफ नर्स और अन्य कर्मचारियों से कराया जा रहा था। नई नियुक्तियों के बाद इन व्यवस्थाओं में सुधार आने और मरीजों को बेहतर फार्मेसी सेवाएं मिलने की उम्मीद है।
ऑल इंडिया फार्मासिस्ट फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव रजत राज ने बताया कि बीटीएससी की ओर से विज्ञापन संख्या 22/2025 के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। अब 846 अभ्यर्थियों की पदस्थापना सूची जारी होने से सरकारी अस्पतालों में औषधि प्रबंधन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट ऑर्गेनाइजेशन ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव कुमार रवि के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शेष रिक्त पदों पर भी जल्द नियुक्ति की मांग की है।