-बिहार में सौर ऊर्जा को मिलेगा बढ़ावा, 10 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के यहां लगेंगे सोलर संयंत्र: मुख्यमंत्री
पटना, 25 मई 2026: बिहार में हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कुटीर ज्योति योजना के तहत 10 लाख उपभोक्ताओं के परिसरों में सोलर संयंत्र स्थापित करने के लक्ष्य पर तेजी से काम करने का निर्देश दिया है। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को भी अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया है।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य में सौर ऊर्जा के उपयोग को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक घरों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जोड़ा जाए और लोगों को अपने घरों में सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित किया जाए।
बैठक में ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव ने विभागीय योजनाओं और कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना, बीपीएल उपभोक्ताओं के लिए सोलराइजेशन प्लान, जीविका दीदियों के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन योजना और पीएम कुसुम योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार लोगों को सोलर संयंत्र लगाने हेतु प्रोत्साहित कर रही है, ताकि पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम हो और लोग ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां-जहां सोलर पैनल लगाए गए हैं, उनका नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं को सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित करने और सौर ऊर्जा के फायदे को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में भी सौर ऊर्जा के विस्तार पर बल देते हुए कहा कि कृषि फीडरों के सोलराइजेशन को तेजी से बढ़ाया जाए, ताकि खेती-किसानी में भी स्वच्छ ऊर्जा का अधिक उपयोग हो सके।
बैठक में ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव लोकेश कुमार सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह, ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव और बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सरकार का मानना है कि इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से राज्य में हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और स्वच्छ एवं टिकाऊ ऊर्जा व्यवस्था की दिशा में बिहार तेजी से आगे बढ़ेगा।












