-बिहार में फिल्म उद्योग को मिलेगा बढ़ावा, सांसद रवि किशन ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से की मुलाकात
पटना। Ravi Kishan ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री Samrat Choudhary से पटना में शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें मुख्यमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बिहार में फिल्म उद्योग के विकास, फिल्म सिटी की स्थापना और भोजपुरी सिनेमा को बढ़ावा देने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुलाकात के बाद रवि किशन ने कहा कि बिहार को एक ऊर्जावान और दूरदर्शी मुख्यमंत्री मिला है, जो प्रधानमंत्री Narendra Modi और पूर्व मुख्यमंत्री Nitish Kumar के विजन को आगे बढ़ाते हुए विकास की नई गाथा लिखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यों और सोच से वे काफी प्रभावित हुए हैं।
रवि किशन ने बताया कि बैठक में बिहार में फिल्म सिटी निर्माण, भोजपुरी सिनेमा के विस्तार, स्थानीय कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने और राज्य में फिल्म शूटिंग के लिए बेहतर माहौल तैयार करने पर गंभीर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के प्रस्ताव में गहरी रुचि दिखाई है।

उन्होंने कहा कि बिहार में फिल्म सिटी बनने से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय कलाकारों, संगीतकारों तथा तकनीशियनों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा। साथ ही सरकार हिंदी और भोजपुरी फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहित करने के लिए सब्सिडी योजना पर भी विचार कर रही है।
रवि किशन ने कहा कि भोजपुरी भाषा, साहित्य और इतिहास पर आधारित फिल्मों को बढ़ावा देने के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के बाद फिल्म उद्योग के लिए अनुकूल वातावरण बन रहा है। हाल ही में बिहार में बड़े सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रमों की शुरुआत हुई है तथा आने वाले समय में कई बड़े अवॉर्ड शो और फिल्मों की शूटिंग राज्य में कराने की योजना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में फिल्म और मनोरंजन उद्योग का एक नया दौर शुरू होगा और भोजपुरी भाषा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।












