-बिहार की 8 एमएलसी सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान, 27 को मतगणना
पटना। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार बिहार की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी की जाएगी।

बिहार में जिन आठ सीटों पर चुनाव होना है, उनमें पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोशी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन सीटों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है।
कार्यकाल पूरा करने वाले सदस्यों में पटना स्नातक से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से बंशीधर ब्रजवासी, कोशी स्नातक से डॉ. एनके यादव, पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक से डॉ. मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक से संजय कुमार सिंह और सारण शिक्षक से अफाक अहमद शामिल हैं।
चुनाव की घोषणा के साथ ही बिहार में विधान परिषद की इन सीटों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जन सुराज और राष्ट्रीय जनता दल समेत विभिन्न दलों ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा शुरू कर दी है। जन सुराज ने पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं, जबकि राजद ने आठ में से छह सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया है।











