Advertisement

बागमती नदी के जलस्तर में फिर से वृद्धि, कटरा पीपापुल पर आवागमन ठप, मरम्मत कार्य जारी

-बागमती नदी के जलस्तर में फिर से वृद्धि, कटरा पीपापुल पर आवागमन ठप, मरम्मत कार्य जारी

मुजफ्फरपुर | 22 जून 2025

बिहार में मानसून की दस्तक से पहले ही बागमती नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार की सुबह एक बार फिर बागमती नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि देखने को मिली, जिससे कटरा प्रखंड मुख्यालय को जोड़ने वाली पीपापुल पर पानी चढ़ गया। नतीजतन, इस पुल से आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया।

कटरा, औराई और गायघाट जैसे बागमती तटवर्ती इलाकों में इस नदी का जलस्तर हमेशा चिंता का कारण बना रहता है। कटरा प्रखंड के लिए पीपापुल ही मुख्य संपर्क मार्ग है, और जलस्तर बढ़ने पर इसपर खतरा मंडराने लगता है। पुल के एक छोर पर पानी चढ़ जाने से रविवार को आवाजाही पर रोक लगा दी गई।

हालांकि, मौके पर तैनात पीपापुल कर्मियों ने मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, दोपहर बाद तक स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है और आवागमन बहाल कर दिया जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि “बाढ़ अभी नहीं आई है, लेकिन नदी के जलस्तर में बार-बार हो रहे उतार-चढ़ाव से डर बना रहता है।” विशेषकर किसानों और दैनिक आवागमन करने वालों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

प्रशासन की ओर से सतर्कता बरती जा रही है, और जल संसाधन विभाग की निगरानी टीम लगातार हालात पर नजर रखे हुए है। वहीं ग्रामीणों की मांग है कि पीपापुल जैसे अस्थायी संरचनाओं को मजबूत और टिकाऊ विकल्पों से बदला जाए ताकि हर साल की यह चिंता स्थायी रूप से दूर की जा सके।

फिलहाल विधानसभा चुनाव 2025 भी सामने है,लेकिन इसके स्थाई समाधान की चिंता न वर्तमान जनप्रतिनिधियों को है और न ही इस दौड़ में शामिल सत्त्ता -विपक्ष – एवं निदर्लिय प्रत्याशियों को।