Advertisement

बन्दरा में भीषण अग्निकांड, आधा दर्जन दुकानें और कई घर जलकर राख,लाखों की क्षति

-बन्दरा में भीषण अग्निकांड, आधा दर्जन दुकानें और कई घर जलकर राख,लाखों की क्षति

मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक। पियर थाना क्षेत्र के रामपुरदयाल पंचायत के बड़कुडवा चौक पर मंगलवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते कई दुकानों और आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावह लपटों से पूरा इलाका धुएं से भर गया और लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलकर इधर-उधर भागने लगे।

स्थानीय लोगों के अनुसार आग की शुरुआत एक दुकान से हुई और कुछ ही देर में आसपास की आधा दर्जन दुकानों तथा कई आवासीय घरों तक फैल गई। सुबह-सुबह हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया,हालांकि इस दौरान बारिश भी शुरू हो गयी थीं।

हालांकि तब तक दुकानों में रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

स्थानीय दवा दुकानदार एवं ग्रामीण सह जदयू प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुशवाहा ने बताया कि आग अचानक लगी और देखते ही देखते फैल गई। लोगों को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला। उन्होंने बताया कि फर्नीचर दुकान में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। एक होटल, मोटरसाइकिल की दुकान और तीन आवासीय मकान भी आग की चपेट में आकर जल गए।घटना में तकरीबन 25लाख से ज्यादा की परिसम्पत्तियों के नुकसान का अनुमान है।

अग्निकांड में प्रभावित लोगों में गौरव कुमार, विनोद साह, रजनीश कुमार, राजेश झा, विमलेश कुमार, मिथलेश कुमार, मो. निजाम, प्रमोद कुमार ठाकुर, मो. कुदुश और अशोक कुमार समेत अन्य लोग शामिल हैं।

बन्दरा सीओ अंकुर राय ने बताया कि उन्होंने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया है। क्षति का आकलन किया जा रहा है तथा आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई जारी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार इस अग्निकांड में सामान,नकदी,कपड़ा,अनाज सहित 25 लाख से ज्यादा की संपत्ति का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि ग्रामीणों के सहयोग से दमकल विभाग के कर्मियों द्वारा आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने और नुकसान के आकलन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।