-बकरीद को लेकर राजापाकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर राजापाकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना क्षेत्र के राजापाकर उत्तरी, राजापाकर दक्षिणी, बैकुंठपुर, भलुई, गौसपुर बरियारपुर, बखरी बड़ाई, बाकरपुर एवं जाफरपट्टी पंचायत के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता अपर थानाध्यक्ष संदीप मंडल ने की, जबकि संचालन एएसआई सजीवन पासवान ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए अपर थानाध्यक्ष ने कहा कि ईद-उल-जोहा इस्लाम धर्म का प्रमुख पर्व है और इसे शांति, भाईचारे एवं आपसी सौहार्द के वातावरण में मनाना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी और समाज में सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. मोहम्मद कमाल पाशा ने ईद-उल-अजहा के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व त्याग, समर्पण और अल्लाह के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यह पर्व हज़रत इब्राहीम की कुर्बानी की याद में मनाया जाता है। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोग नमाज अदा कर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद देते हैं।
शांति समिति की बैठक में अर्जुन सिंह त्यागी, तपसी प्रसाद सिंह, मुकेश पटेल, संजय पासवान, प्रेम कुमार यादव, डॉ. मोहम्मद कमाल पाशा, मोहम्मद नजीर, राजीव कुमार रंजन, हरिशंकर कुमार गुड्डू, संतोष कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, नरेश साह, हिरो राय समेत कई लोग उपस्थित थे।












