फुलियाखांड में 50 फीट टूटा चंपारण तटबंध, नौतन के एक दर्जन गांवों में घुसा बाढ़ का पानी
बेतिया/नौतन(राजन)। गंडक नदी के उफान के बीच पश्चिम चंपारण जिले के नौतन प्रखंड में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। सोमवार की देर रात करीब दो बजे शिवराजपुर के समीप फुलियाखांड के पास चंपारण मुख्य तटबंध करीब 50 फीट तक टूट गया। तटबंध टूटने के बाद तेज धार के साथ बाढ़ का पानी शिवराजपुर, मंगलपुर समेत करीब एक दर्जन गांवों में प्रवेश कर गया। कई गांव चारों तरफ से बाढ़ के पानी से घिर गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार पानी का बहाव काफी तेज है। इसके चलते ग्रामीण जरूरी सामान और मवेशियों को लेकर सुरक्षित स्थानों तथा तटबंध पर शरण लेने लगे हैं। अचानक पानी घुसने से लोगों में दहशत का माहौल है।
आधा दर्जन स्थानों पर सिपेज, दो जगह ओवरटॉप:
मंगलपुर-शिवराजपुर तटबंध के बीच करीब आधा दर्जन स्थानों पर नीचे से पानी का रिसाव हो रहा है। वहीं दो जगहों पर पानी तटबंध के ऊपर से बहने की स्थिति में पहुंच गया है। जल संसाधन विभाग की टीम तटबंध की लगातार निगरानी कर रही है।

प्रशासन और बचाव टीमें मौके पर:
तटबंध टूटने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर नौतन के अंचलाधिकारी, जल संसाधन विभाग के अभियंता तथा NDRF/SDRF की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। टूटे हिस्से को बांस-बोरी और अन्य संसाधनों की मदद से बंद करने का प्रयास जारी है।
प्रभावित गांवों से लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए नावों की व्यवस्था की जा रही है। वहीं ऊंचे स्थानों पर राहत शिविर और सामुदायिक रसोई शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है। प्रशासन ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।












