-प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया नीतीश सेतु का निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा
-21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे छह लेन वाले नीतीश सेतु का उद्घाटन
-कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश
पटना/वैशाली(दीपक कुमार तिवारी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वैशाली जिले में कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल (नीतीश सेतु) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने नीतीश सेतु के पिलर संख्या 23 एवं 24 के बीच बनाए जा रहे कार्यक्रम स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, आगंतुकों की सुविधाओं सहित अन्य तैयारियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ कार्यक्रम में आने वाले आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और कार्यक्रम स्थल पर तमाम व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। गौरतलब है कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे।
निरीक्षण के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, विधायक मंगल पांडेय, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह बिहार प्रदेश प्रभारी हरीश द्विवेदी, भाजपा संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति और वरीय अधिकारी मौजूद रहे।











