Advertisement

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी पर काव्यांजलि कार्यक्रम संपन्न

-पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी पर काव्यांजलि कार्यक्रम संपन्न

-कवियों ने अपने काव्य पाठ से दी अटल जी को श्रद्धांजलि

मोतिहारी / राजन द्विवेदी।

भाजपा का राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम “सुशासन दिवस ” भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी पर राजेन्द्र नगर भवन में काव्यांजलि कार्यक्रम के तहत कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें उत्तर बिहार के स्वनामधन्य कविगण अपनी कविताओं के माध्यम से काव्यांजलि अर्पित किया। जिसकी अध्यक्षता डॉ. हातिम जावेद एवं संचालन डॉ. अरुण कुमार ने किया।
काव्यांजलि का उद्घाटन सांसद पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह, मंत्री गन्ना उद्योग विभाग बिहार सरकार कृष्णनंदन पासवान, मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार, पिपरा विधायक श्यामबाबू यादव, गोविंदगंज विधायक सुनील मणि तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना, पूर्व विधायक सचिंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता, उप महापौर डॉ० लालबाबू प्रसाद एवं कार्यक्रम प्रभारी पवन राज ने अटल जी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के पश्चात संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
सर्वप्रथम गुलरेज शहजाद ने अटल जी की कविता “हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा” का पाठ करने के बाद अटल जी पर स्वलिखित कविता “इच्छा शक्ति दृढ़ थी मन से तरल थे, मां भारती के ताल का खिलता कमल थे” का पाठ किया।


राष्ट्रीय ख्याति के शायर डॉ. हातिम जावेद ने- “टूटे रिश्ते जोड़ना था, बात इत्ती सी तो थी/
थोड़ा मीठा बोलना था, बात इत्ती सी तो थी/
कुछ किसी ने कह दिया तुम हो गए मुझ से ख़फ़ा/ मुझ से भी तो पूछना था, बात इत्ती सी तो थी ” का पाठ किया जिसे काफी सराहा गया। बेतिया से पधारे प्रख्यात कवि अरुण गोपाल ने – “सभी रंगों के फूलों से गुलिस्तां को सजायेंगे / कुछ ऐसा तौर मिलकर हम, बरुवे कार लाएंगे।” का पाठ किया। कवि सम्मेलन में डॉ. मधुबाला सिन्हा, मिथिलेश घायल, डॉ. सबा अख्तर, डॉ. विनय सिंह, ज्ञानेश्वर गुंजन एवं सत्येंद्र गोविंद ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं का पाठ किया जिसे काफी सराहा गया।
काव्यांजलि में अनिल वर्मा, मोहिब्बुल हक, योगेन्द्र प्रसाद, मार्तण्ड नारायण सिंह, मयंकेश्वर सिंह, मीना मिश्रा, कुंदन वत्स, विनोद कुशवाहा, ऋषभ झा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।