-मुजफ्फरपुर क्लब में हाई-प्रोफाइल चोरी, रिसेप्शन समारोह से 50 लाख के जेवरात गायब
मुजफ्फरपुर, 23 जून। नगर थाना क्षेत्र स्थित मुजफ्फरपुर क्लब में आयोजित एक भव्य रिसेप्शन समारोह के दौरान हाई-प्रोफाइल चोरी की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि समारोह के दौरान शातिर चोरों ने करीब 50 लाख रुपये मूल्य के जेवरात से भरा बैग चोरी कर लिया, जिससे समारोह में अफरातफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, एलएस कॉलेज की प्राचार्य प्रो. कनु प्रिया के पुत्र के विवाह उपरांत सोमवार रात मुजफ्फरपुर क्लब में स्वागत समारोह (रिसेप्शन) का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य व्यक्ति, शिक्षाविद् और अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद थे।

इसी दौरान दो शातिर चोरों ने मौका पाकर परिवार के सदस्यों के कीमती गहनों से भरा बैग गायब कर दिया। चोरी की जानकारी मिलते ही समारोह स्थल पर हड़कंप मच गया और परिजन बैग की तलाश में जुट गए, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। क्लब परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि चोरी में शामिल आरोपितों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।










