-पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई: आम-लीची के बगीचे में चल रहा था जुआ, 11 जुआरी गिरफ्तार, 38 हजार से ज्यादा नकद बरामद
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।
पूर्वी चम्पारण पुलिस को जुआ के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। राजेपुर थाना क्षेत्र के तेतरिया बाजार के पीछे आम-लीची के बगीचे में गुप्त रूप से चल रहे जुए का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 11 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया है कि 28 जुलाई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ीदयाल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार चंदन के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम में राजेपुर थाना अध्यक्ष और मधुबन थाना अध्यक्ष भी शामिल थे।

पुलिस टीम ने बगीचे में छापेमारी की तो वहां जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया। मौके से 11 जुआरी, 135 पीस ताश का पत्ता, 12 मोटरसाइकिल और 38,533 रुपये नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार सभी आरोपी पूर्वी चम्पारण के राजेपुर और मधुबन थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में जुआ खेलने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।











