-पहली बारिश में डूबा मुजफ्फरपुर, स्मार्ट सिटी के दावों की खुली पोल
मुजफ्फरपुर। मानसून की पहली तेज बारिश ने मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी परियोजना और नगर निगम की तैयारियों की हकीकत उजागर कर दी। महज कुछ घंटों की बारिश में शहर की कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं। हालात ऐसे बन गए कि सड़कें झील जैसी नजर आने लगीं और लोगों को घुटनों तक पानी में होकर आवागमन करना पड़ा।
नगर निगम हर साल मानसून से पहले करोड़ों रुपये खर्च कर नालों की उड़ाही, सड़कों की मरम्मत और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने का दावा करता है। अधिकारियों की ओर से यह भरोसा भी दिया जाता है कि बारिश के दौरान शहरवासियों को जलजमाव की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। लेकिन पहली ही बारिश ने इन सभी दावों पर सवाल खड़े कर दिए।
सबसे खराब स्थिति अघोरिया बाजार से आमगोला रोड जाने वाली मुख्य सड़क की रही, जहां कई फीट तक पानी जमा हो गया। सड़क पर जलभराव के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन रेंगते नजर आए, जबकि राहगीरों को पानी के बीच रास्ता तलाशकर गुजरना पड़ा। कई स्थानों पर लोगों को दुर्घटना की आशंका के बीच सफर करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कुछ घंटों की बारिश में शहर की यह स्थिति है, तो लगातार मूसलाधार बारिश होने पर हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। उनका आरोप है कि हर साल नाला सफाई और सड़क मरम्मत के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च होने का दावा किया जाता है, लेकिन बारिश शुरू होते ही व्यवस्थाओं की पोल खुल जाती है।
शहरवासियों ने स्मार्ट सिटी परियोजना को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि स्मार्ट सिटी बनने की घोषणा के बाद उम्मीद थी कि जलजमाव, टूटी सड़कें और खराब ड्रेनेज जैसी वर्षों पुरानी समस्याओं से राहत मिलेगी, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। लोगों का आरोप है कि स्मार्ट सिटी के नाम पर योजनाओं का प्रचार तो खूब हुआ, लेकिन बुनियादी सुविधाओं में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नालों की सफाई अधिकतर कागजी कार्रवाई तक सीमित रह जाती है और वास्तविक कार्य प्रभावी ढंग से नहीं होता। यही कारण है कि हर मानसून में मुजफ्फरपुर के लोग जलजमाव, ट्रैफिक जाम और बदहाल सड़कों की समस्या से जूझने को मजबूर होते हैं।
अब शहरवासियों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब पहली ही बारिश में स्मार्ट सिटी की तस्वीर इतनी बदहाल नजर आ रही है, तो पूरे मानसून के दौरान मुजफ्फरपुर की स्थिति कैसी होगी।












