Advertisement

पटियासा में इथेनॉल लदे टैंकर से तेज रिसाव, फायर ब्रिगेड ने टाला बड़ा हादसा

-पटियासा में इथेनॉल लदे टैंकर से तेज रिसाव, फायर ब्रिगेड ने टाला बड़ा हादसा

मुजफ्फरपुर । अहियापुर थाना क्षेत्र के गरहा ओपी अंतर्गत पटियासा के पास बुधवार देर रात इथेनॉल लदे टैंकर से अचानक तेज रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते बड़ी मात्रा में ज्वलनशील इथेनॉल सड़क पर फैलने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर दरभंगा फोरलेन पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। फायर ब्रिगेड और पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
पटियासा में घनी आबादी होने के कारण इथेनॉल रिसाव की सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल एहतियाती कदम उठाए। टैंकर के आगे और पीछे करीब 200 मीटर का इलाका खाली करा दिया गया। वाहनों की आवाजाही रोकने के साथ ही आसपास किसी भी तरह की चिंगारी या आग की संभावना को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई।


सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और फोम टेंडर के जरिए रिसाव वाले स्थान पर लगातार फोम और पानी का छिड़काव किया। इथेनॉल बेहद ज्वलनशील होने के कारण अग्निशमन कर्मियों ने काफी सावधानी के साथ स्थिति को नियंत्रित किया। मौके पर गरहा और बोचहां थाने की पुलिस दल-बल के साथ तैनात रही। फायर ब्रिगेड के 10 जवान और दो अधिकारी देर रात तक मौके पर डटे रहे।
घनी आबादी से टैंकर को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए उसे धीरे-धीरे बोचहां की ओर ले जाया गया। अधिकारियों की कोशिश थी कि टैंकर को आबादी से दूर सुनसान स्थान पर खड़ा कर रिसाव को पूरी तरह नियंत्रित किया जाए।
पूछताछ में टैंकर चालक ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से इथेनॉल लेकर असम के नुमालीगढ़ जा रहा था। टैंकर में दो चेंबर थे और प्रत्येक चेंबर में सात हजार लीटर इथेनॉल भरा था। इस तरह टैंकर में कुल 14 हजार लीटर ज्वलनशील इथेनॉल मौजूद था।
रिसाव किस वजह से शुरू हुआ, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम की प्राथमिकता टैंकर को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर रिसाव को पूरी तरह रोकना है।
मौके पर मौजूद फायरमैन मो. तनवीर हसन ने बताया कि इथेनॉल बेहद ज्वलनशील पदार्थ है। इसलिए रिसाव की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया। टैंकर को आबादी वाले क्षेत्र से निकालकर सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था की गई।