-पचपकड़ी में छापेमारी, हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है। यह छापेमारी पचपकड़ी थाना क्षेत्र के सपही गाँव में मोहम्मद हसनैन के घर पर की गई। इस सफल अभियान के दौरान, पुलिस ने कई आपत्तिजनक सामग्रियाँ बरामद की है। जिससे क्षेत्र में अवैध हथियारों की तस्करी और उनके उपयोग पर एक बड़ा प्रहार हुआ है।
डीएसपी सिकरहना उदयशंकर ने बताया कि छापेमारी के दौरान, पुलिस ने मोहम्मद हसनैन, जो शेख वहीदुल हक के पुत्र हैं, के पास से दो डबल बैरल बंदूकें जब्त की है। जिनमें से एक पर ‘मेड इन इटली’ लिखा हुआ था। इन बंदूकों के अलावा, पुलिस को भारी मात्रा में 36 जिंदा गोलियां भी मिलीं, जिन पर ‘हाई वेलोसिटी 70 एमएम सुपर मैगना मेड इन इंडिया’ अंकित है। यह गोला-बारूद भी बरामद किया गया।

इसके अतिरिक्त, पुलिस ने हसनैन के पास से बिना लाइसेंस के पाँच अन्य व्यक्तियों के बंदूक लाइसेंस भी बरामद किए, जो यह संकेत देता है कि वह अवैध रूप से हथियारों का कारोबार कर रहा था। पुलिस को तीन चिड़िया मारने वाली बंदूकें, बड़ी संख्या में छर्रे और एक टेलिस्कोप भी मिला। जिनका उपयोग शिकार और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों के लिए किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद हसनैन का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उस पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। ये सभी बरामद हथियार और सामान जब्त कर लिए गए हैं, और पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस छापेमारी से यह स्पष्ट है कि पुलिस अवैध हथियारों के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखेगी और ऐसे गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
छापेमारी अभियान में पचपकड़ी थानाध्यक्ष पूजा कुमारी और थाने के सशस्त्र बल शामिल थे।












