-नेपाल में बाढ़ को लेकर समस्तीपुर रेल मंडल हाई अलर्ट, ट्रैक और पुलों की बढ़ाई गई निगरानी
मुजफ्फरपुर। नेपाल में बाढ़ की भयावह स्थिति को देखते हुए पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर रेल मंडल में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने संभावित आपदा से निपटने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है।
मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा ने पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। रेलवे अधिकारियों को स्थानीय प्रशासन के संपर्क में रहने को कहा गया है।

ट्रैक और पुलों की बढ़ाई गई निगरानी:
डीआरएम ने इंजीनियरिंग विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। ट्रैकमैन और पुलों की निगरानी करने वाले रेलकर्मियों को विशेष गश्त लगाने तथा संवेदनशील स्थानों पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।
नेपाल में लगातार बारिश और बाढ़ के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों में नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। ऐसे में रेलवे ट्रैक, पुल-पुलियों और अन्य रेल परिसंपत्तियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। रेलवे प्रशासन संभावित जलजमाव, कटाव या बाढ़ की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार है।












