Advertisement

नेपाल में फ्लैश फ्लड को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को किया अलर्ट, तटबंधों पर नाइट पेट्रोलिंग के निर्देश

-नेपाल में फ्लैश फ्लड को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को किया अलर्ट, तटबंधों पर नाइट पेट्रोलिंग के निर्देश

पटना, 26 अगस्त 2026। नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति और गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने की आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलों के अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल में विकसित हो रही स्थिति को देखते हुए बिहार में संभावित प्रभाव वाले क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाए। विशेष रूप से गंडक नदी से जुड़े पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली सहित अन्य संवेदनशील जिलों में प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। नेपाल में बाढ़ के कारण बिहार की ओर आने वाले पानी की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने सभी बांधों और तटबंधों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने तटबंधों की मजबूती की लगातार जांच करने और किसी भी कमजोर हिस्से की जानकारी मिलते ही तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। बांध एवं तटबंधों पर दिन-रात निगरानी रखने के साथ रात में विशेष रूप से नाइट पेट्रोलिंग कराने का भी निर्देश दिया गया।

संवेदनशील एवं प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को संभावित खतरे की जानकारी देने के लिए लाउडस्पीकर और माइक के माध्यम से लगातार आवश्यक सूचना एवं चेतावनी प्रसारित करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि आवश्यकता पड़ने पर लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात रखने का निर्देश दिया गया है। संबंधित जिला प्रशासन को इन टीमों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्थिति पर सतत निगरानी रखने और प्रशासनिक एवं तकनीकी टीमों को पूरी तरह सक्रिय रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।