Advertisement

दरवाजे पर सो रही वृद्ध महिला की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

-दरवाजे पर सो रही वृद्ध महिला की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

दीपक।मुजफ्फरपुर ।
जिले के मीनापुर थाना अंतर्गत पानापुर ओपी क्षेत्र के रमतोमहा गांव में शनिवार की देर रात अपराधियों ने एक वृद्ध महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की पहचान बलदेव पंडित की पत्नी मराक्षी देवी (लगभग 70 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया है कि मराक्षी देवी शनिवार रात अपने घर के बाहर दरवाजे पर सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और उन्हें गोली मार दी। गोली लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रविवार को मुजफ्फरपुर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा, ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर एवं एसडीपीओ पूर्वी अलय वत्स पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे।

अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मामले की जांच की। इस दौरान पानापुर ओपी अध्यक्ष जग्गू बिंद को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि हत्या में शामिल अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का उद्भेदन किया जाएगा।
इधर, पानापुर ओपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, गांव के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी और जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।