-जीविका से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल, जय हिंद सीएलएफ की वार्षिक आम सभा संपन्न
मड़वन(मुजफ्फरपुर), 5 अगस्त। जय हिंद जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति (सीएलएफ), शुभंकरपुर, मरवान की वार्षिक आम सभा बुधवार को सीएलएफ परिसर में उत्साहपूर्वक आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जीविका की डीपीएम अनीशा, पूजा कुमारी, चंद्र प्रभात कुमार, सद्दाम हुसैन तथा संकुल स्तरीय संघ की दीदियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
आम सभा में सीएलएफ के पदाधिकारी, कार्यकारिणी समिति के सदस्य, ग्राम संगठन (वीओ) के प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाएं, सामुदायिक कैडर, जीविका परियोजना के अधिकारी-कर्मचारी, बीजीबी बैंक के प्रबंधक, सिडबी बैंक के समन्वयक तथा प्रदान संस्था की टीम ने भाग लिया।
बैठक में पिछले वित्तीय वर्ष की गतिविधियों, उपलब्धियों और वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही आय-व्यय विवरण, ऑडिट रिपोर्ट और आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा कर सर्वसम्मति से अनुमोदन दिया गया। इस दौरान सीएलएफ के पदाधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में संगठन को 41 लाख 41 हजार 816 रुपये का वार्षिक लाभ प्राप्त हुआ, जिसे उपस्थित सदस्यों ने तालियों के साथ सराहा।

कार्यक्रम में महिला उद्यमिता, आजीविका संवर्धन, वित्तीय समावेशन, सामाजिक विकास और सीएलएफ आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। सदस्यों ने अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने तथा उन्हें सरकारी योजनाओं एवं वित्तीय संस्थानों का लाभ दिलाकर उनकी आय बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों, सामुदायिक कैडरों और महिला उद्यमियों को सम्मानित भी किया गया। साथ ही संगठन की पारदर्शिता बनाए रखने, प्रत्येक ग्राम संगठन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और आगामी वर्ष में संगठन को और मजबूत बनाने का निर्णय लिया गया।
अपने संबोधन में जीविका की डीपीएम अनीशा ने कहा कि “जीविका के सहयोग से महिलाएं आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रही हैं। जय हिंद सीएलएफ ग्रामीण महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण का सशक्त मंच है। सामुदायिक नेतृत्व और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में यह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।”
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन की मजबूती, पारदर्शी कार्यप्रणाली और महिलाओं के सतत आर्थिक विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ वार्षिक आम सभा का समापन हुआ।












