Advertisement

जल-जमाव से जूझ रहे ग्रामीण, त्वरित समाधान की मांग तेज

-जल-जमाव से जूझ रहे ग्रामीण, त्वरित समाधान की मांग तेज

पूसा/समस्तीपुर, 29 मार्च 2026। पूसा प्रखंड के दक्षिणी हरपुर पंचायत के वार्ड संख्या 10 से 14 स्थित राजकीय मध्य विद्यालय के आसपास जल-जमाव की गंभीर समस्या ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है, जिससे विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विशेष रूप से महादलित बस्ती में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रखंड प्रशासन से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। ग्रामीणों द्वारा जल निकासी के लिए हस्ताक्षरयुक्त आवेदन भी सौंपा जा चुका है।
इस संबंध में पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी एवं भाकपा-माले युवा नेता रौशन कुमार यादव ने प्रखंड प्रशासन से अविलंब जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया, तो स्थानीय ग्रामीणों को एकजुट कर आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शीघ्र हस्तक्षेप कर इस गंभीर समस्या से निजात दिलाने की अपील की है।