Advertisement

छठ के बाद मुजफ्फरपुर में गैस संकट पर बवाल, सड़क जाम कर उपभोक्ताओं का प्रदर्शन

–छठ के बाद मुजफ्फरपुर में गैस संकट पर बवाल, सड़क जाम कर उपभोक्ताओं का प्रदर्शन

मुजफ्फरपुर। छठ महापर्व समाप्त होते ही शहर में रसोई गैस की किल्लत ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। कांटी थाना क्षेत्र के हरिजन टोला के पास नाराज़ उपभोक्ताओं ने गैस सिलेंडर सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और जोरदार प्रदर्शन किया। रसोई की आग ठंडी पड़ने से परेशान लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, जैतपुर थाना क्षेत्र स्थित विदिशा गैस एजेंसी द्वारा कांटी इलाके में गैस आपूर्ति की जाती है। छठ के बाद बढ़ी मांग के बीच एजेंसी की कथित लापरवाही से स्थिति बिगड़ गई। सुबह से ही दर्जनों उपभोक्ता गैस लेने के लिए लाइन में खड़े रहे, लेकिन घंटों इंतजार के बावजूद एक भी सिलेंडर की सप्लाई नहीं हो सकी।


इससे आक्रोशित लोगों ने सड़क पर सिलेंडर रखकर जाम लगा दिया और एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि एजेंसी ने गैस की कमी की कोई पूर्व सूचना नहीं दी और फोन कॉल का भी जवाब नहीं दिया जा रहा था। उपभोक्ताओं ने कहा कि आखिर वे अपनी समस्या लेकर जाएं तो कहां जाएं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की सख्ती के बावजूद कुछ गैस एजेंसियां नियमों की अनदेखी कर रही हैं, जिससे आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है। त्योहार के बाद राहत की उम्मीद कर रहे लोगों को उल्टा संकट का सामना करना पड़ा।
हंगामे की सूचना मिलते ही कांटी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
हालांकि, इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि संबंधित एजेंसी पर क्या कार्रवाई होती है या फिर आम लोगों को ऐसे ही परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। फिलहाल माहौल शांत है, लेकिन लोगों में नाराजगी अब भी बनी हुई है।