Advertisement

चलती ट्रेन में भी मिलेगी कंफर्म बर्थ, RAC व्यवस्था खत्म करने की तैयारी

-चलती ट्रेन में भी मिलेगी कंफर्म बर्थ, RAC व्यवस्था खत्म करने की तैयारी

-रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत

मुजफ्फरपुर। भारतीय रेलवे ने करोड़ों यात्रियों को बड़ी राहत देने की दिशा में कदम बढ़ाया है। जल्द ही यात्रियों को चलती ट्रेन में भी खाली सीटों और बर्थ की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा मिल सकती है। रेलवे की नई व्यवस्था लागू होने के बाद वेटिंग और आरएसी (RAC) टिकट वाले यात्रियों के लिए कंफर्म सीट हासिल करना पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगा।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत यदि ट्रेन अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना हो चुकी है और यात्रा के दौरान कोई बर्थ खाली रह जाती है, तो उसे तत्काल ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इससे यात्रियों को सफर के दौरान ही कंफर्म सीट मिलने का रास्ता खुल जाएगा।
जानकारी के अनुसार, भारतीय रेलवे टिकट बुकिंग प्रणाली में बड़े तकनीकी बदलाव की तैयारी कर रहा है। रेलवे का तकनीकी विंग रेल सूचना प्रणाली केंद्र (CRIS) टीटीई को उपलब्ध कराए गए हैंड हेल्ड टर्मिनल (HHT) सॉफ्टवेयर को अपग्रेड कर रहा है। इस अपग्रेडेशन के तहत डिवाइस में ‘कंफर्म बर्थ बुकिंग’ का नया फीचर जोड़ा जाएगा।
नई प्रणाली को लागू करने के लिए रेलवे प्रशासन ने वाणिज्य विभाग के अधिकारियों और टीटीई को विशेष प्रशिक्षण भी दिया है। इसका उद्देश्य खाली सीटों की जानकारी को रियल टाइम में अपडेट कर यात्रियों तक पहुंचाना है।


रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यदि किसी यात्री के पास कंफर्म टिकट होने के बावजूद वह यात्रा नहीं करता है, तो टीटीई उस बर्थ को अपने एचएचटी डिवाइस में खाली दर्ज करेगा। इसके बाद वह सीट रेलवे के बुकिंग पोर्टल और आईआरसीटीसी पर तुरंत उपलब्ध दिखाई देगी। कोई भी यात्री रास्ते के किसी स्टेशन से ऑनलाइन उस सीट को बुक कर सकेगा।
वर्तमान व्यवस्था में ऐसी खाली सीटों का आवंटन मुख्य रूप से टीटीई के माध्यम से ट्रेन के अंदर ही किया जाता है और इसकी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध नहीं होती। नई प्रणाली लागू होने के बाद यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी और अधिक सुविधाजनक बन जाएगी।
रेलवे की इस पहल से वेटिंग और आरएसी टिकट पर यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही खाली सीटों का बेहतर उपयोग होगा और यात्रियों को यात्रा के दौरान कंफर्म बर्थ मिलने की संभावना भी बढ़ जाएगी।