-गोविंदपुर छपरा चौर में मिला मुर्गी कारोबारी का शव, हत्या की आशंका
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।
पियर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर छपरा चौर में गुरुवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल के पास से मृतक की बाइक भी बरामद की गई है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
मृतक की पहचान वैशाली जिले के कटहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुमेरगंजन गांव निवासी 45 वर्षीय मो. नौशाद आलम के रूप में हुई है। वह पीयर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर छपरा निवासी मो. मोनाजिर सदरी का दामाद था और यहीं रहकर मुर्गी (पेठिया) का कारोबार करता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर भीड़ जुट गई। बन्दरा मुखिया पुत्र चंदन कुमार ने बताया कि गोविंदपुर छपरा-नुनफरा चौर में शव मिलने के बाद लोगों में कई चर्चाएं होने लगीं और हत्या की आशंका जताई जा रही है।

परिजनों ने बताया कि नौशाद आलम बुधवार को यह कहकर घर से निकले थे कि वे घोसरामा पावरग्रिड जा रहे हैं, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। गुरुवार को पास के चौर में उनका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
पियर थाना अध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध मौत का प्रतीत होता है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच की है और शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन, एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
वहीं एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मृतक बुधवार दोपहर करीब 3 बजे से लापता था। प्रथम दृष्टया गला दबाकर या रस्सी से हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है।












