-गायघाट में भीषण आग से मचा हड़कंप: 10 घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति स्वाहा
दीपक कुमार। गायघाट
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के जाया डीह गांव में सोमवार शाम भीषण आगलगी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे करीब 10 घर जलकर पूरी तरह राख हो गए।
बताया जाता है कि सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे भोला दास के घर में अज्ञात कारणों से आग लगी। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तब तक कई घरों में रखा अनाज, कपड़ा, फर्नीचर और जरूरी सामान जलकर नष्ट हो चुका था।

इस आगलगी में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने खाने-पीने और रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
अंचलाधिकारी (सीओ) शिवांगी पाठक ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और सभी अग्निपीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधान के तहत उचित मुआवजा दिया जाएगा।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि प्रशासन राहत और सहायता कार्य में जुटा हुआ है।












