Advertisement

गायघाट प्रखंड मुख्यालय मैदान में रातों-रात चला बुल्डोजर, युवकों का हंगामा; बीडीओ कार्यालय पर जमकर नारेबाजी

-गायघाट प्रखंड मुख्यालय मैदान में रातों-रात चला बुल्डोजर, युवकों का हंगामा; बीडीओ कार्यालय पर जमकर नारेबाजी

मुजफ्फरपुर।जिले के गायघाट प्रखंड मुख्यालय स्थित मैदान में देर रात बुल्डोजर चलाए जाने से इलाके में आक्रोश फैल गया। बीती रात अचानक प्रशासन द्वारा मैदान में की गई कार्रवाई की जानकारी मिलते ही स्थानीय युवकों और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। सुबह दर्जनों की संख्या में युवक बीडीओ कार्यालय के बाहर जुट गए और मैदान को पूर्व स्थिति में वापस करने की मांग को लेकर जमकर हंगामा व नारेबाजी की।


प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह मैदान वर्षों से खेलकूद, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए उपयोग में लाया जाता रहा है। बिना पूर्व सूचना बुल्डोजर चलाकर मैदान की स्थिति बदल देना गलत है। युवकों ने प्रशासन के खिलाफ ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाए और तत्काल कार्रवाई रोकने की मांग की।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।