Advertisement

गायघाट के नए थाना प्रभारी की अपराधियों को सख्त चेतावनी, बोले– शराब तस्करी और अपराध किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

-गायघाट के नए थाना प्रभारी की अपराधियों को सख्त चेतावनी, बोले– शराब तस्करी और अपराध किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

गायघाट (मुजफ्फरपुर), दीपक कुमार। गायघाट थाना के नए थाना प्रभारी जय प्रकाश गुप्ता ने पदभार ग्रहण करते ही अपनी कार्यशैली और प्राथमिकताओं को स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने थाना क्षेत्र में सक्रिय शराब तस्करों और अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
थाना प्रभारी जय प्रकाश गुप्ता ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता आम जनता के साथ मधुर और सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे बिना किसी हिचकिचाहट के थाना पहुंचकर अपनी बात रखें। पीड़ितों की शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान करना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि समय रहते अपनी गतिविधियों में सुधार कर लें, अन्यथा कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि अपराध और शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


पदभार संभालने के बाद थाना प्रभारी ने थाना के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बैठक कर उनका परिचय प्राप्त किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही पुलिस की बेहतर छवि बनाने, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने का निर्देश दिया।
थाना प्रभारी ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और जनता का विश्वास जीतना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गायघाट थाना क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।