कोरियर से लग्जरी गाड़ी तक… शराब तस्करों के नए हथकंडे, उत्पाद विभाग ने 85 कार्टून विदेशी शराब की जब्त
-कोरियर से लग्जरी गाड़ी तक… शराब तस्करों के नए हथकंडे, उत्पाद विभाग ने 85 कार्टून विदेशी शराब की जब्त
मुजफ्फरपुर।
जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस और उत्पाद विभाग लगातार छापेमारी कर रहा है, इसके बावजूद शराब तस्करों के हौसले कम नहीं हो रहे हैं। तस्कर कानून से बचने के लिए रोज नए-नए और चौंकाने वाले तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामले में उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। खास बात यह रही कि तस्करी के लिए एक नामी कोरियर कंपनी की गाड़ी का भी इस्तेमाल किया जा रहा था।
उत्पाद विभाग की सबसे बड़ी कार्रवाई बेनीबाद थाना क्षेत्र में हुई। यहां एक लाइन होटल के पास खड़ी कोरियर कंपनी की गाड़ी की तलाशी ली गई, जिसमें पार्सल की आड़ में विदेशी शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी। तस्करों को भरोसा था कि कोरियर वाहन होने के कारण शक नहीं होगा, लेकिन विभाग को पहले से पुख्ता सूचना मिल चुकी थी।

इसके बाद फकुली और तुर्की थाना क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गई। फकुली से एक संदिग्ध पिकअप वैन जब्त की गई, जबकि तुर्की थाना क्षेत्र से एक लग्जरी वाहन पकड़ा गया। जांच के दौरान दोनों ही वाहनों से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। तस्कर लग्जरी गाड़ियों का इस्तेमाल इसलिए कर रहे थे ताकि वे सामान्य यात्री प्रतीत हों और चेकिंग से बच सकें।
उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों अभियानों में कुल 85 कार्टून विदेशी शराब जब्त की गई है। फकुली थाना क्षेत्र से पकड़े गए पिकअप वाहन के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क और मुख्य माफियाओं तक पहुंचा जा सके।
यह कार्रवाई साफ दर्शाती है कि मुजफ्फरपुर में पुलिस और शराब तस्करों के बीच ‘चूहे-बिल्ली’ का खेल जारी है। एक ओर विभाग सूचना तंत्र और निगरानी व्यवस्था को मजबूत कर रहा है, वहीं दूसरी ओर तस्कर एम्बुलेंस, कोरियर और लग्जरी वाहनों को ढाल बना रहे हैं। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में लाइन होटलों और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग और तेज की जाएगी, ताकि शराब माफियाओं की कमर तोड़ी जा सके।