-कैमूर से 2 बजे रात को आई, 9 बजे दिन में नदी किनारे ‘कांड’
-बॉयफ्रेंड संग पहुंची थाने तो हांफने लगी औरंगाबाद पुलिस
सम्वाददाता। औरंगाबाद।
बिहार के औरंगाबाद में एक प्रेमिका के साथ गैंगरेप की दर्दनाक घटना हुई है। कैमूर जिले से एक लड़की अपने प्रेमी से मिलने औरंगाबाद आई थी, जहां दो लड़कों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। यह घटना नबीनगर रेलवे स्टेशन के पास हुई। लड़की का प्रेमी भी वहां मौजूद था, लेकिन अपराधियों ने उसे डरा धमका कर भगा दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, कैमूर जिले की रहने वाली लड़की का औरंगाबाद के लड़के के साथ 7 महीने से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। चैटिंग और व्हाट्सएप पर बातचीत के बाद प्यार परवान चढ़ा। लड़की अपने प्रेमी से मिलने के लिए रात 2 बजे नबीनगर रेलवे स्टेशन पहुंची। प्रेमी ने सुबह आने का वादा किया, इसलिए लड़की वेटिंग रूम में उसका इंतजार कर रही थी।
इसी दौरान कुछ लड़कों की नजर उस अकेली लड़की पर पड़ी। वे उस पर नजर रखने लगे। सुबह 9 बजे प्रेमी वेटिंग रूम पहुंचा। दोनों बातें कर ही रहे थे कि दो युवक आए और बंदूक की नोक पर प्रेमी-प्रेमिका को बाइक पर बिठाकर 5 किमी दूर नदी किनारे ले गए। वहां पहले से ही एक और युवक राहुल मौजूद था। तीनों ने मिलकर प्रेमी की पिटाई की। डर के मारे प्रेमी वहां से भाग गया। इसके बाद दो लड़कों ने लड़की के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया और उसे वापस रेलवे स्टेशन छोड़ दिया।

घटना के बाद लड़की ने अपने प्रेमी को बुलाया और दोनों थाने गए। पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों निरंजन उर्फ बाबा और प्रभात कुमार उर्फ मुनचून को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक बाइक भी बरामद की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सदर-1 संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है।
एसआईटी टीम ने सीसीटीवी फुटेज, खुफिया जानकारी और तकनीकी जांच के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की उम्मीद है।












