-कांटी रेलिंग पुल के पास सड़क दरकी, जंग लगी सरिया दिखने से बढ़ी खतरे की आशंका
कांटी (मुजफ्फरपुर)। कांटी- मड़वन- शिवहर मुख्य मार्ग पर स्थित कांटी रेलिंग पुल के समीप सड़क की स्थिति गंभीर हो गई है। पुल से सटी मुख्य सड़क की परतें दरकने लगी हैं और भीतर की जंग लगी सरिया (छड़) तक बाहर दिखने लगी है, जिससे इस मार्ग की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने इसे बड़े हादसे की आशंका से जोड़ते हुए तत्काल मरम्मत की मांग की है।
यह मार्ग कांटी नगर परिषद क्षेत्र के कांटी हाई स्कूल रोड से होकर पुराना चौक, नया चौक और प्रखंड चौक को जोड़ता है, जहां से रोजाना भारी वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में पुल और सड़क की जर्जर हालत यात्रियों के लिए खतरा बनती जा रही है। बताया जा रहा है कि नया वार्ड 6 और 15 के सीमांकन के पास यह स्थिति सबसे ज्यादा खराब है।

सिर्फ पुल के पास ही नहीं, बल्कि कांटी हाई स्कूल से पुराना चौक होते हुए आगे तक कई जगहों पर सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। वहीं कांटी थाना रोड, जिसे पुरानी मोतिहारी रोड के नाम से जाना जाता है, वहां भी सड़क की हालत काफी खराब है। इससे रोजाना आने-जाने वाले राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो यह सड़क और पुल दोनों किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
इस संबंध में पथ निर्माण विभाग, डिवीजन-1 मुजफ्फरपुर के कार्यपालक अभियंता ई. गणेश ने बताया कि मामला पहले से विभाग के संज्ञान में है और जल्द ही पूरे मार्ग के जर्जर हिस्सों की मरम्मत कराई जाएगी।
फिलहाल, सड़क की बिगड़ती हालत और भारी वाहनों की आवाजाही को देखते हुए इलाके में खतरे की स्थिति बनी हुई है।









