-कथित प्रेमी जोड़े की पिटाई का वीडियो वायरल, भीड़ की भूमिका पर उठे सवाल
मुजफ्फरपुर। एक कथित वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक और युवती को भीड़ के बीच घेरकर मारपीट करते हुए देखा जा सकता है, जबकि आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह वीडियो करीब 15 दिन पुराना बताया जा रहा है और घटना जिले के औराई थाना क्षेत्र के बसुआ गांव की बताई जा रही है। दावा किया जा रहा है कि ग्रामीणों ने एक कथित प्रेमी जोड़े को पकड़ लिया था। आरोप है कि पुलिस को तत्काल सूचना देने के बजाय दोनों के साथ भीड़ द्वारा मारपीट की गई। यह भी चर्चा है कि बाद में स्थानीय स्तर पर मामले को दबाने का प्रयास किया गया। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के बीच कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि किसी व्यक्ति पर कोई संदेह था, तो उसे कानून के हवाले करने के बजाय भीड़ द्वारा कथित रूप से हिंसा क्यों की गई। साथ ही घटना के दौरान मौजूद लोगों की भूमिका को लेकर भी चर्चा हो रही है।
मामले पर औराई थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि यह पुरानी घटना है। पुलिस को जानकारी मिलने के बाद एक प्रतिनिधि को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था, लेकिन पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने पर नियमानुसार जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, वायरल वीडियो ने इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। हालांकि, वीडियो में दिखाई गई घटना की वास्तविकता और परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट जानकारी या वायरल सामग्री को सत्यापित किए बिना साझा करने से बचें।












