Advertisement

एलएनजेपी अस्पताल में 400 बेड के ऑर्थोपेडिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन, मुख्यमंत्री बोले- अब बिहार में ही मिलेगा विश्वस्तरीय इलाज

-एलएनजेपी अस्पताल में 400 बेड के ऑर्थोपेडिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन, मुख्यमंत्री बोले- अब बिहार में ही मिलेगा विश्वस्तरीय इलाज

पटना, 25 जुलाई 2026: दीपक/शालिनी।बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को राजवंशी नगर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल परिसर में नवनिर्मित 400 बेड क्षमता वाले ऑर्थोपेडिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के नए भवन का उद्घाटन किया। इस अस्पताल के शुरू होने से हड्डी एवं जोड़ संबंधी गंभीर बीमारियों के मरीजों को अब बिहार में ही आधुनिक और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों तथा स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर इलाज और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली।
नवनिर्मित अस्पताल में अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, आधुनिक आईसीयू, स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर, ट्रॉमा एवं इमरजेंसी सेवाएं, उन्नत रेडियोलॉजी विभाग, फिजियोथेरेपी यूनिट, ओपीडी, प्लास्टर कक्ष, माइनर ऑपरेशन थिएटर, एमआरआई, थेरेपी कक्ष और व्यावसायिक चिकित्सा इकाई जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे जांच, उपचार और पुनर्वास की सभी सेवाएं एक ही छत के नीचे मिल सकेंगी।


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार के लोगों को अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के शुरू होने से हड्डी रोग के गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उपचार से लेकर पुनर्वास तक की समग्र स्वास्थ्य सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होने से मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, विधान पार्षद नवल किशोर यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक एवं अस्पताल के कर्मी उपस्थित रहे।