Advertisement

एनएसएस सांस्कृतिक उत्सव में छात्रों ने लोकगीत व लोकनृत्य से बांधा समां

-एनएसएस सांस्कृतिक उत्सव में छात्रों ने लोकगीत व लोकनृत्य से बांधा समां

राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। ब्रज मोहन दास महाविद्यालय, दयालपुर में प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से सांस्कृतिक उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन छात्रा अनिशा कुमारी एवं अमीषा कुमारी ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में राजकीय डिग्री महाविद्यालय पतेदी बेलसर की प्राचार्या डॉ. रेशमा सुल्ताना उपस्थित रहीं।
प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित एवं मुख्य अतिथि डॉ. रेशमा सुल्ताना ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। प्राचार्य की ओर से मुख्य अतिथि को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. रेशमा सुल्ताना ने एनएसएस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यक्ति को स्वयं से पहले दूसरों के बारे में सोचना चाहिए। किसी जरूरतमंद की मदद करने से मन को शांति मिलती है। समाज और देश की सेवा से राष्ट्र आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि किसी भी अच्छी पहल की शुरुआत अपने घर से करनी चाहिए। टीम भावना के साथ काम करना और एक-दूसरे की मदद करना एनएसएस के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।


प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित ने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों को अनुशासित और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके माध्यम से छात्र शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी, रक्तदान और महिला सशक्तीकरण जैसे कार्यों में योगदान देकर समाज को मजबूत बना सकते हैं। युवा मजबूत होंगे तो देश भी विकसित और सशक्त होगा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कविता पाठ, भाषण, ‘पनिया के जहाज’, झिझिया लोकनृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। काजल कुमारी, मुस्कान कुमारी और शिवानी कुमारी ने आकर्षक प्रस्तुति दी। लोकगीत पर स्मिता कुमारी ने प्रस्तुति दी। अनामिका कुमारी, सुप्रिया कुमारी, मेघा कुमारी और रौशनी कुमारी ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. रवि रंजन कुमार ने किया।