–एक साल से लापता युवक का नहीं मिला सुराग, परिजन परेशान
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक। पड़ोसी कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी शुलिन्दर सहनी के पुत्र शिव कुमार (25) पिछले करीब एक साल से लापता हैं, जिनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। इस घटना से परिजन गहरे सदमे और चिंता में हैं।

बताया गया कि शिव कुमार अपने ननिहाल,प्रखण्ड के हत्था थाना क्षेत्र के सकरी कोठी गांव में तिलकेशर सहनी के घर रह रहा था। परिजनों के अनुसार वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था। उसकी नानी दुर्गा देवी ने सोमवार को बताया कि एक रात अचानक वह घर से निकल गया और फिर वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद से परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा है और प्रशासन से भी मदद की गुहार लगा रहा है।











