एक भारत श्रेष्ठ भारत योजना का उद्देश्य देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना है: राधामोहन सिंह
मोतिहारी/ राजन द्विवेदी।
एनसीसी के द्वारा नवोदय विद्यालय पिपरा कोठी में बीते 15 अक्टूबर से शुरू ” एक भारत श्रेष्ठ भारत ” कैंप का आगामी 26 अक्टूबर तक आयोजन किया गया है। इस कैंप में जम्मू कश्मीर ,लेह-लद्दाख, बिहार एवं झारखंड के 586 कैडेट्स शामिल हैं। वहीं इस कैंप में आज पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद राधामोहन सिंह ने बतौर अतिथि के रूप में भाग लिया। सांसद श्री सिंह ने कहा कि ” एक भारत श्रेष्ठ भारत” योजना भारत सरकार की एक पहल है।

जिसकी घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 31 अक्टूबर, 2015 को की थी। इस योजना का मकसद देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोगों के बीच संबंधों को बेहतर बनाना और देश की एकता और अखंडता को मज़बूत करना है। इस योजना के तहत, देश के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एक-दूसरे के साथ जोड़ा जाता है और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान होता है। बता दें कि इस योजना के तहत एनसीसी के कैडेट्स भाषा सीखने के साथ संस्कृति, परंपराएं, और संगीत साझा करेंगे। पर्यटन और भोजन पर बातचीत करेंगें एवं खेल और सर्वोत्तम प्रथाओं को भी साझा करेंगे।












