Advertisement

उद्घाटन के एक साल में ही धंसने लगा 250 करोड़ का बाईपास, मधौल के पास सड़क का बड़ा हिस्सा ढहा

-उद्घाटन के एक साल में ही धंसने लगा 250 करोड़ का बाईपास, मधौल के पास सड़क का बड़ा हिस्सा ढहा

-मधौल-सदातपुर 17 किलोमीटर बाईपास की निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
-मरम्मत नहीं हुई तो हो सकता है बड़ा हादसा

मुजफ्फरपुर। शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने और आवागमन सुगम बनाने के उद्देश्य से बनाया गया मधौल-सदातपुर बाईपास सालभर में ही जवाब देने लगा है। करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से एनएचएआई की ओर से निर्मित 17 किलोमीटर लंबे इस बाईपास में मधौल के समीप सड़क का किनारे वाला हिस्सा पूरी तरह धंस गया है। सड़क का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया है। कम समय में सड़क की ऐसी स्थिति होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बाईपास से पिछले वर्ष ही आवागमन शुरू हुआ था। लेकिन एक साल के भीतर ही सड़क का हिस्सा धंसने से इसकी मजबूती और निर्माण गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल सड़क के किनारे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, लेकिन समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो यह दुर्घटना का कारण बन सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक एनएचएआई की ओर से इस मामले में कोई पहल नजर नहीं आई है।

250 करोड़ की लागत से हुआ था निर्माण:

गौरतलब है कि मधौल से सदातपुर तक करीब 17 किलोमीटर लंबे इस बाईपास का निर्माण लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से एनएचएआई ने कराया था। यह सड़क पटना-हाजीपुर एनएच को मोतिहारी हाईवे से सीधे जोड़ती है। इसके चालू होने से मोतिहारी की ओर से आने वाले वाहनों को बैरिया, चांदनी चौक या भगवानपुर-रामदयालु होकर हाजीपुर जाने की जरूरत काफी हद तक समाप्त हो गई।

वाहन सदातपुर से सीधे बाईपास के रास्ते पटना-हाजीपुर एनएच तक पहुंच रहे हैं। इससे रामदयालु और शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव भी कम हुआ है।

मरम्मत नहीं हुई तो बढ़ सकता है हादसे का खतरा:

बाईपास के मधौल के समीप सड़क धंसने की घटना ने निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भले ही फिलहाल सड़क का किनारे वाला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, लेकिन इसकी अनदेखी भारी पड़ सकती है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल स्थल निरीक्षण कराकर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराने और सड़क धंसने के कारणों की जांच कराने की मांग की है। अब देखना है कि एनएचएआई इस मामले में कब तक संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करता है।