Advertisement

इंस्टाग्राम रील पर विवाद से सड़कों पर संग्राम, दो गुटों में जमकर मारपीट; जनप्रतिनिधि के परिवार के कई लोग घायल

-इंस्टाग्राम रील पर विवाद से सड़कों पर संग्राम, दो गुटों में जमकर मारपीट; जनप्रतिनिधि के परिवार के कई लोग घायल

मुजफ्फरपुर। सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद मुजफ्फरपुर की सड़कों पर हिंसक झड़प में बदल गया। अहियापुर थाना क्षेत्र के जीरोमाइल और बैरिया चाणक्यपुरी इलाके में इंस्टाग्राम रील को लेकर दो नाबालिग छात्राओं के बीच शुरू हुई कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे।
बताया गया कि विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर इंस्टाग्राम रील को लेकर हुई थी। इसके बाद दोनों छात्राओं के बीच कहासुनी हुई और मामला उनके परिजनों तक पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और सड़क पर जमकर मारपीट शुरू हो गई।


हिंसक झड़प में एक स्थानीय जनप्रतिनिधि की पत्नी और बेटी समेत परिवार के कई सदस्यों के घायल होने की सूचना है। वहीं, उपद्रव के दौरान घर के बाहर खड़ी जनप्रतिनिधि की स्कॉर्पियो गाड़ी को भी निशाना बनाया गया। आरोप है कि उपद्रवियों ने वाहन पर जमकर पथराव किया, जिससे उसके शीशे चकनाचूर हो गए।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।