-आस्था का पर्व, स्वच्छता का संकल्प”, नगर आयुक्त ने छठ घाटों पर सफाई का लिया जायज़ा
मुज़फ्फरपुर।
आस्था और लोकपरंपरा के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर निगम पूरी तत्परता से तैयारियों में जुटा है। इसी क्रम में नगर आयुक्त विक्रम विरकर ने शनिवार को शहर के प्रमुख छठ पूजा स्थान जैसे बरहमपुर पोखर, बीबीगंज पोखर और आरडीएस कॉलेज पोखर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रहे। उन्होंने विशेष रूप से जल निकासी, साफ-सफाई और कचरा उठाव की व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने का आदेश दिया।
उन्होंने कहा कि छठ घाटों के आसपास सफाईकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती और कचरा उठाने की व्यवस्था लगातार जारी रखी जाए।

नगर आयुक्त विक्रम विरकर ने कहा कि “छठ महापर्व सिर्फ पूजा नहीं, यह हमारी संस्कृति, अनुशासन और स्वच्छता के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। नगर निगम का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण मिल सकें। जल निकासी, साफ-सफाई और कचरा उठाव की व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।”
निरीक्षण के दौरान सफाई निरीक्षक और नगर निगम की टीम भी साथ रही। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतिदिन घाटों की स्थिति की समीक्षा की जाए और किसी भी प्रकार की समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि आगामी दिनों में शहर के अन्य छठ पूजा स्थलों का भी निरीक्षण किया जाएगा ताकि सभी घाटों पर स्वच्छता, सुविधा और सुरक्षा की स्थिति पूरी तरह सुनिश्चित की जा सके।












